देहरादून। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, सहकारिता मंत्रालय के सहयोग से सभी जिलों व विकासखंडों में आगामी 29 जून से सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा। सहकार से समृद्धि, देवभूमि की प्रगति थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को सहकारिता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
यमुना काॅलोनी स्थित शासकीय आवास पर सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को डॉ. रावत ने 29 जून से छह जुलाई तक आयोजित होने वाले सहकारिता सप्ताह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारिता सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का सफल एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं स्वयं सहायता समूहों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पैक्स, जिला सहकारी बैंकों एवं अन्य सहकारी संस्थाओं के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
डॉ. रावत ने कहा कि सहकारिता सप्ताह के दौरान अलग-अलग दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सहकारी चौपाल, जागरूकता शिविर, कृषि, उद्यान, डेयरी एवं मत्स्य पालन से जुड़े कार्यशालाओं के साथ महिला एवं युवा सहकारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सहकारी संस्थाओं के डिजिटलीकरण, ई-पैक्स, सामाजिक सहभागिता तथा हरित एवं सतत कृषि को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जिलों व विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सहकारी संस्थाओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। बैठक में संयुक्त निबंधक एमपी त्रिपाठी, रमेंद्र मंद्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।