- सनातन धर्म मंदिर में स्वयं सहायता समूह एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हुआ जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। सनातन धर्म मंदिर में स्वयं सहायता समूह एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला समन्वयक सुनीता गर्ग ने क्षेत्र के लगभग 10 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 100 महिलाओं को समूहों के महत्व और उनके लाभ की जानकारी दी।
उन्होंने महिलाओं को सामूहिक प्रयासों की शक्ति, स्वरोजगार के अवसर और आर्थिक आत्मनिर्भरता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही एक-दूसरे का सहयोग कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर सकती हैं। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान नए महिला स्वयं सहायता समूहों का गठन भी किया गया। साथ ही उत्तराखंड सरकार की ओर से महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को अपने मोबाइल फोन के माध्यम से सुना। इस अवसर पर ललिता शर्मा, हरप्रीत भाटी, प्रमिला भट्ट, आशा शर्मा, राधा देवी, कविता शर्मा, परमजीत भाटी, सुधा, सविता वर्मा, शिवानी अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
-
जावेद