नर्सों की हड़ताल के मद्देनजर सेवानिवृत्त नर्सों की संविदा पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य ओम प्रकाश के अनुसार आवेदन किये जाने पर महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य द्वारा नियुक्ति आदेश तत्काल जारी कर दिए जाएंगे।
सीएम ने की हड़ताल वापस लेने की अपील
उधर, मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नर्सों से उनकी जारी हड़ताल वापस लेने की अपील की है। सीएम हरीश रावत ने कहा कि उनकी केवल एक मांग को छोड़ कर अन्य पर सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि हड़ताल से प्रभावित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं ऐसे में नर्सों को काम पर लौटना चाहिए।
हड़ताल पर प्रतिबंध
प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य ओम प्रकाश ने बताया कि उत्तराखंड नर्सेज एसोसिएशन की हड़ताल पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वेतन उच्चीकरण की मांग वेतन विसंगति समिति द्वारा अस्वीकृत की जा चुकी है, फिर भी इसे कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति को भेजा गया है।
हड़ताल से उत्पन्न स्थिति के निराकरण के लिए सरकारी नर्सिंग कॉलेज एवं स्कूलों के अलावा स्वयंसेवी संस्थाओं, निजी चिकित्सालयों व मेडिकल कॉलेजों से मदद ली जा रही है।