-सीडब्लूसी सदस्य करण माहरा ने दिखाई दूसरे चरण की यात्रा को हरी झंडी
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में अग्निपथ अग्निवीर योजना के खिलाफ चलाई जा रही जनजागरण यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ शनिवार को पूर्व अध्यक्ष व सीडब्लूसी सदस्य करण माहरा ने हरी झंडी दिखा कर किया।
माहरा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से अग्निपथ योजना लागू की गई है। उससे पूरे देश की सैन्य शक्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। वहीं इसके सबसे बड़े दुष्परिणाम उत्तराखंड को भुगतने पड़ रहे हैं। यहां युवाओं का सबसे बड़ा रोजगार का जरिया सेना भर्ती था। अब सेना के प्रति उनका आकर्षण फीका पड़ गया। इसका सीधा असर बेरोजगारी दर बढ़ने और प्रदेश की आर्थिकी पर पड़ा।
संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों पर सेना व सैनिकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता और वोट के खातिर सेना व सैनिकों के नाम का इस्तेमाल करने वाली भाजपा की सरकारें अग्निपथ योजना लागू कर सेना की शक्ति को कमजोर कर रही हैं। दूसरी ओर, उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों के लिए बनाए गए उपनल कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद समान कार्य, समान वेतन या नियमितिकरण का लाभ नहीं दे रही है।
अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि जन जागरण यात्रा के आगामी चरणों में भी हम युवाओं व आम जनमानस को अग्निपथ योजना के दुष्परिणामों के बारे में बताएंगे। यात्रा पहले दिन 20 दिसंबर को शाम रामनगर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 21 दिसंबर को रामगनगर में रैली व रात्रि विश्राम रानीखेत में होगा। 22 दिसंबर को प्रातः रैली रानीखेत व रात्रि विश्राम अल्मोड़ा में, 23 दिसंबर को प्रातः अल्मोड़ा में रैली कर रात्रि विश्राम हल्द्वानी में व 24 दिसंबर को सुबह बिंदुखत्ता में रैली व दोपहर बाजपुर में रैली कर देहरादून के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, सुजाता पॉल, शिवांगी मिश्रा, पंकज क्षेत्री, आरपी ध्यानी, ले. सहदेव शर्मा, गोपाल सिंह गड़िया आदि उपस्थित रहे।