पिछले सात दिन के भीतर देहरादून में पेड़ गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की जान जा चुकी है। इसके विरोध में कांग्रेस ने वन निगम के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए डीएफओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। डीएफओ को पत्र सौंपकर दून में सड़क किनारे जर्जर हो चुके पेड़ों को हटाने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून में सड़क के किनारे ऐसे पेड़ हैं जिनकी हालत जर्जर है। राह चलने वालों के लिए ये पेड़ खतरा बने हुए हैं। अभी हाल ही में प्रेम नगर, राजपुर रोड, सुभाष रोड एवं अन्य जगहों पर भारी बारिश और तूफान में पेड़ गिरने से कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा पिछले सात दिन में हुए इन हादसों में तीन लोगों की जान जा चुकी है। कहा कि अभी पूरा मानसून सीजन बाकी है। मांग की गई कि जनहित में इस तरह के पेड़ों को काटने की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, प्रदेश महासचिव मनीष नागपाल, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, पार्षद रोबिन त्यागी, वीरेंद्र बिष्ट, अर्जुन पासी, राजेश, जगदीश धीमान, सौरव शर्मा, मंजू त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।