फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: शराब के दाम कम और सफर महंगा करने पर कांग्रेस का विरोध, जगह-जगह हो रहे प्रदर्शन

Mon, 24 Feb 2020 02:06 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
राज्य में शराब सस्ती करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड में शराब के दाम  20 फीसदी तक घटाने का कांग्रेस ने पुरजोर विरोध करने का फैसला लिया है। 26 फरवरी के बाद कांग्रेस विरोध की रणनीति तय करेगी। गैरसैंण में प्रस्तावित बजट सत्र में भी कांग्रेस यह मुद्दा उठाएगी।

विज्ञापन


वहीं आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून, पिथौरागढ़ और हल्द्वानी सहित राज्य के कई इलाकों में राज्य में सफर महंगा करने और शराब सस्ती करने पर विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। देहरादून में एस्लेहॉल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। पिथौरागढ़ में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में राज्य सरकार के इस फैसले के खिलाफ रोष जताते हुए प्रदर्शन किया। हल्द्वानी के बुद्धा पार्क में कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार का पुलता फूंका।

प्रदेश सरकार के पुतले को बोतलों की माला पहनाकर लगाई आग

देहरादून में शराब सस्ती करने के विरोध में महानगर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के पुतले पर शराब की बोतलें पहनाई और उसे आग के हवाले कर दिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने सरकार पर शराब माफिया को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। सोमवार को महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश रमन के नेतृत्व में कांग्रेसी राजीव भवन में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में एस्लेहॉल चौक पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के पुतले को बोतलों की माला पहनाई और उसमें आग लगा दी।
विज्ञापन


महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन ने कहा कि राज्य सरकार की आबकारी नीति पूरी तरह से शराब माफिया को संरक्षण देने, शराब की तस्करी को बढ़ावा देने और घर-घर तक शराब पहुंचाने वाली है। भाजपा सरकार रसोई गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाकर और सरकारी बसों का किराया बढ़ाकर आमजन को परेशान कर रही है। मौके पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, मीना रावत, आशा डोबरियाल, विमला मन्हास, डॉ. आरपी रतूड़ी, सविता सोनकर, संतोष सैनी, डॉ. प्रतिमा सिंह, अनुराधा तिवारी, ममता बस्नेत, कांता क्षेत्री आदि मौजूद रहे। 

विज्ञापन

कांग्रेस को अब बैठे बिठाए एक और मुद्दा मिला

वहीं देवस्थानम अधिनियम से लेकर प्रमोशन में आरक्षण को लेकर उलझी कांग्रेस को अब बैठे बिठाए एक और मुद्दा मिल गया है। मद्य निषेध आंदोलन प्रदेश में खासा पुराना है। ऐसे में दाम कम करने को शराब प्रमोट करने का आधार बनाकर कांग्रेस ने भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस इस समय प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने और विपक्ष के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश में आह्वान अभियान में जुटी हुई है।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक 26 फरवरी को हल्द्वानी में विकास खोजो पदयात्रा है। इसके बाद कांग्रेस शराब सस्ती करने के मामले को उठाएगी, सदन में भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। 
 
सस्ती दारू, महंगा तेल
 
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने तो बाकायदा नारा ही दे दिया, ‘सस्ती दारू, महंगा तेल..........’। प्रेस बयान जारी कर धस्माना ने कहा कि एक तरफ सब्जी, दाल, पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ रहे हैं और दूसरी तरफ सरकार शराब सस्ती कर रही है। विभाग का लक्ष्य भी बढ़ा दिया गया है। लक्ष्य पूरा करने के लिए विभाग नई दुकानें खुलवाएगा। शराब की बिक्री बढ़ाने के लिए आक्रामक रणनीति अपनाएगा। इससे शराब का प्रचलन और बढ़ेगा।

आबकारी नीति पर उठाया था सवाल

प्रदेश सरकार के खिलाफ जारी किए गए पर्चे में भी कांग्रेस ने आबकारी नीति का मुद्दा उठाया था। कांग्रेस का कहना है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने धीरे-धीरे शराब कम करने की घोषणा की थी। कांग्रेस का आरोप था कि शराब को घर-घर बेचने के लिए मोबाइल वैन का उपयोग किया जा रहा है। सभी दुकानों पर शराब ओवर रेट बेची जा रही है और प्रतिबंधित क्षेत्रों में भी दुकानें खोली जा रही हैं।

कांग्रेस बोली जहरीली शराब, सरकार ने कहा- जांच हो गई
पहले रुड़की और इसके बाद देहरादून में नकली शराब से लोगाें की मौत वाले मामले में भी कांग्रेस प्रदेश सरकार पर हमलावर हुई थी। जहरीली शराब के मामले को कांग्रेस ने उस समय सदन में भी उठाया था। कांग्रेस की विरोध रणनीति को सरकार जांच और दोषियों को न बख्शने का एलान कर आसानी से झेल गई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें