देहरादून। भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों से संवाद कार्यक्रम को पूर्व नियोजित स्क्रिप्ट और छात्रों का कीमती समय खराब करने वाला ड्रामा बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी ने ऐसा कुछ भी नया नहीं कहा, जिससे लगा वो बीस दिन के अपने विदेश दौरे में नया सीख कर आएं हों। उन्होंने छात्रों की गूंज कार्यक्रम को कांग्रेसी राजनीति का फ्लॉप शो करारा देते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों पर निशाना लगाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि आज का उनका कार्यक्रम, छात्रों से संवाद का नहीं, बल्कि राज्य में अपना जनाधार खो चुकी कांग्रेस और राहुल गांधी को स्थापित करने की एक हताश कोशिश भर है। पूर्वनियोजित सवाल और उन्हें पूछने वालों को जवाब भी पहले की तरह जवाब भी रटा रटाया मिल है। जिसमें नीट परीक्षा को लेकर वही झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाने की कोशिश की, जिसे वो बार बार दोहराते रहते हैं। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि 21 जून को नीट परीक्षा पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से हुई और राहुल विदेश चले गए। जब लौटे तब तक परीक्षा का परिणाम भी आज आ गया और 11 लाख से अधिक छात्रों को सफलता हासिल हुई है। लेकिन लगता है छुट्टी के इन 20 दिनों में राहुल के हाथ कुछ भी महत्वपूर्ण और नकारात्मक जानकारी नहीं लगी। यही वजह है कि परीक्षा प्रणाली और भर्ती प्रक्रिया को लेकर देहरादून में पुनः झूठ और अफवाह फैलाने का काम किया। लेकिन देवभूमि के छात्र एवं युवा बहुत समझदार एवं जागरूक हैं। कहा कि राहुल गांधी उत्तराखंड में युवाओं के कल्याण के लिए नहीं, बल्कि चुनाव की आहट सुनकर यहां आए हैं। कांग्रेस का छात्रों की समस्याओं का समाधान करने से कोई मतलब नहीं है बल्कि सिर्फ अपनी राजनीति चमकाना ही उद्देश्य है। उन्होंने कहा, आज मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार देवभूमि से नकल पेपर लीक के सिस्टम का समूल नाश कर चुकी है। कठोरतम नकल निरोधक कानून के संरक्षण में निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से रिकॉर्ड 34 हजार से अधिक भर्तियां हुई है। कहा कि हमारा स्वाभिमानी युवा खोखले वादों में नहीं बल्कि धरातल की सच्चाई को स्वीकार करता है।