देहरादून कैंट से टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस प्रदेश सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में उन्होंने कहा कि पार्टी में ऐसे लोगों को टिकट दिया गया, जो बगैर स्वार्थ के कोई काम नहीं करते।
बताया कि वह पिछले 17 साल से पार्टी के डंडे और झंडे थामे हुए हैं, इसके बावजूद टिकट वितरण में उनकी अनदेखी हुई। वहीं कांग्रेस प्रदेश सचिव दीप बोहरा भी टिकट बटवारे से नाराज हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी में पुराने लोगों की अनदेखी हुई है। वह पार्टी से इस्तीफा देने जा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश महासचिव वीरेंद्र बुटोला और प्रदीप बागड़ी ने कहा कि जिन लोगों ने लोकतंत्र की हत्या का प्रयास किया उनके चहेतों को टिकट दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
टिकट बटवारे में जिस तरह से पार्टी के वरिष्ठ लोगों की अनदेखी हुई है, इससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन और कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने भी पार्टी में पुराने लोगों की अनदेखी पर नाराजगी जताई है।