सात अक्तूबर को निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में कांग्रेसी धरने की तैयारी में है। कांग्रेस के इस रुख पर भाजपा ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि कांग्रेस एक बार फिर खलनायक की भूमिका में आ गई है। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी कांग्रेस के रवैये पर हैरानी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वे निवेशक सम्मेलन को लेकर सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा कर रहे हैं।
पीएम का उद्घाटन करना गर्व का विषय: भट्ट
भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि पीएम प्रधानमंत्री का निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन करने के लिए उत्तराखंड आना गर्व का विषय है। ये उनके उत्तराखंड से विशेष प्रेम को जाहिर करता है। निवेशक सम्मेलन उत्तराखंड के विकास में नया अध्याय जोड़ेगा। भट्ट ने 65 हजार करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू का श्रेय सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को दिया। उद्यम लगने से राज्य का विकास होगा, पलायन रुकेगा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
कांग्रेस प्रदेश के विकास को लेकर जरा भी संवेदनशील नहीं है। यदि उसमें संवेदना होती तो वो पीएम व देश-विदेश के उद्यमियों का स्वागत करती। सकारात्मक वातावरण बनाने में सहयोग देती। कांग्रेस खलनायक की भूमिका है। उसका चरित्र विकास विरोधी है।
- अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
कांग्रेस धरना क्यों दे रही है, मुझे नहीं मालूम। लेकिन उनकी अपेक्षा निवेशक सम्मेलन को लेकर सकारात्मक सहयोग की है। छह अक्तूबर की रात को सभी विधायकों और सांसदों को आमंत्रित किया गया है।
-त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्यमंत्री
धरने को लेकर कांग्रेस ने बनाई रणनीति
बृहस्पतिवार को कांग्रेस भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में प्रस्तावित धरने को लेकर रणनीति बनाई गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की। बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल, नवप्रभात, पूर्व विधायक अमरीश कुमार समेत कई पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए।
कांग्रेस का पीएम से एक ही सवाल है कि वे राफेल का हिसाब दे, महंगाई पर जवाब दें। इसी सवाल को लेकर पार्टी सात अक्तूबर को पीएम के दून दौरे विरोध में धरना देगी।
-गरिमा दसौनी, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस