बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र का हंगामेदार आगाज होने के प्रबल आसार हैं। सत्र की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
हालांकि बुधवार को सर्वदलीय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सत्ता पक्ष और विपक्ष से सदन की कार्यवाही निर्विघ्न और सौहार्दपूर्ण माहौल में चलाने की अपेक्षा की है, मगर एनएच -74 मुआवजा घोटाले पर आक्रामक विपक्ष ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही मैदान में उतरने के संकेत दिए हैं।
इस मुद्दे पर विपक्ष पहले दिन प्रश्नकाल का त्याग तक करने को तैयार है। उधर, प्रदेश सरकार ने पहले ही दिन बजट पेश करने का निर्णय लिया है। शाम चार बजे वित्त मंत्री प्रकाश पंत सदन में त्रिवेंद्र सरकार का पहला बजट पेश करेंगे।
पहली बार सरकार पेपरलैस बजट लाएगी। 15 जून को विनियोग विधेयक पारित कराने के लिए सदन में लाया जाएगा। आज हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सरकार द्वारा तय इस कार्यक्रम को मंजूरी दे दी गई। कार्यक्रम के अनुसार सत्र 20 जून तक चलेगा।