आगामी सहकारिता चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस ने कमर कस ली है। 21 नवंबर को होने वाले बहुउद्देशीय प्रांरभिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के प्रबंध कमेटियों के चुनाव कराए जाएंगे। जबकि 22 नवंबर को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव होंगे।
शुक्रवार को कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक में सहकारिता चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि राज्य और जिला स्तर पर चुनाव के लिए समिति बनाई जाए।
माहरा ने कहा कि भाजपा अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को भाजपा की नाकामियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करना होगा। बैठक में दिए सुझाव के अनुरूप प्रदेश में सहकारिता चुनाव के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें...Tirupati laddu Controversy: राजधानी दून में घी को लेकर उठ रहे सवाल, 40 से अधिक ब्रांड, 200 से लेकर 2000 तक दाम
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री और निदेशक इफको मानवेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, देहरादून जिला सहकारी बैक के पूर्व अध्यक्ष केएस राणा, प्रदेश महामंत्री विरेंद्र पोखरियाल, संजय किरोला, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, सुभाष बेहड़, विरेंद्र सिंह रावत समेत पदाधिकारी मौजूद थे।