एनएच-74 की जांच को लेकर कांग्रेस की बेचैनी पर प्रदेश भाजपा ने सवाल उठाया है कि वह इस मामले को बेवजह तूल क्यों दे रही है? मीडिया कर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि एसआईटी अपना काम कर रही है, उस पर सरकार का कोई दबाव नहीं है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय से एसआईटी की पूछताछ को प्रदेश सरकार के इशारे पर की गई कार्रवाई करार देने का भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भी कड़ा विरोध किया।
उन्होंने कहा कि एसआईटी की जांच पहले से चल रही है और उसे बेवजह तूल देने की आवश्यकता नहीं है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी एसआईटी की कार्रवाई को प्रक्रियात्मक कार्रवाई करार दिया।
उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी को भी विचलित होने की आवश्यकता नहीं है। एसआईटी व्यक्तिगत आधार पर जांच नहीं कर रही है। उसकी मंशा करोड़ों रुपये के घोटाले का पटाक्षेप करने की है।