आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लेखा-जोखा लेने के लिए सोमवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। बैठक में आपदा से हुए नुकसान को लेकर चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में नुकसान का ब्यौरा, काम जो पूरे हो गए और जो काम होने बाकी है, आदि का ब्यौरा सामने रखेंगे।
पुनर्वास का मुद्दा
इस बैठक में पुनर्वास का मुद्दा जोर शोर से उठने की संभावना है। कृषि मंत्री हरक सिंह चकबंदी पर विधायकों की राय लेने की भी तैयारी कर रहे हैं।
इस बैठक में पहले प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी को शामिल होना था। पर सोनी का दौरा रद्द होने की वजह से अब सह प्रभारी संजय कपूर इसमें मुख्य रूप से शामिल होंगे।
विधायक कर रहे तैयारी
बैठक में पुनर्वास का मुद्दा मुख्य रूप से उठने की संभावना है। कांग्रेस के कुछ विधायक इसकी तैयारी भी कर रहे हैं। इनका कहना है कि बुरी तरह से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के सामने पुनर्वास एक बड़ा मुद्दा है और इस पर लोगों को ठोस जवाब दिया जाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री आवास पर दोपहर पूर्व होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री के सुबह तक दिल्ली से दून लौट जाने की संभावना भी है।
पूरे हो गए काम
हेमेश खर्कवाल सहित पहाड़ के अन्य विधायकों का कहना है कि विधानसभा स्तर पर नुकसान, पूरे हो गए काम, होने वाले काम, राहत आदि का ब्यौरा बैठक में रखने को कहा गया है।
बैठक हालांकि मुख्यमंत्री की तरफ से बुलाई गई है पर इसके लिए फोन सह प्रभारी संजय कपूर ने किए। इसके अलावा सड़क और संपर्क मार्ग न बन पाने के मसलों को भी बैठक में उठाया जाएगा। खुद प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य हल्द्वानी हैं और इस बैठक में शामिल होने के लिए सोमवार को दून पहुंचेगे।
कृषि मंत्री हरक सिंह के मुताबिक बैठक में उनकी ओर से पर्वतीय क्षेत्रों के विधायकों से चकबंदी पर राय भी ली जाएगी। चकबंदी केस्वरूप और इसके क्रियान्वयन के लिए राह तलाश की जा रही है।