लेकिन जितने भी कार्यकर्ता शामिल हुए उनमें से ज्यादातर किसी न किसी दावेदार के समर्थक ही थे। रैली में सबसे ज्यादा राजपुर रोड, कैंट, ईसी रोड, घंटाघर क्षेत्र के कार्यकर्ता शामिल हुए। अन्य क्षेत्रों के कार्यकर्ता भी काफी संख्या में पहुंचे लेकिन उनकी संख्या अपेक्षाकृत कम रही।
मेयर के टिकट के दावेदारों में शामिल सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान रैली को सफल बनाने में जुटे रहे। कार्यक्रम के आयोजन से लेकर व्यवस्थाओं तक का जिम्मा धस्माना ने संभाला।
इसके साथ ही वह युवाओं, अल्पसंख्यकों और आम वर्ग के कार्यकर्ताओं को रैली में जोड़ने में कामयाब रहे। पूर्व विधायक राजकुमार भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ रैली में पहुंचे। उन्होंने अपनी ताकत दिखाने के साथ ही मेयर पद के टिकट को लेकर भी दावेदारी पुख्ता की। रैली संयोजन का जिम्मा भले ही धस्माना के हाथ हो लेकिन महानगर पदाधिकारियों की भूमिका भी अहम रही। अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान भी लगातार कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।
इसके अलावा अलग-अलग वार्डों से टिकट के लिए दावेदारी करने वाले भी रैली में अपनी ताकत दिखाने की कोशिशों में जुटे रहे। हालांकि ज्यादातर वार्डों के दावेदार दो-चार समर्थकों के साथ ही पहुंचे। रैली के रूट से जुड़े क्षेत्रों से ही सबसे ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हुए। नए जुड़े क्षेत्रों से भी दावेदार और उनके समर्थक रैली में पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस और प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही अपने प्रत्याशी के पक्ष में भी नारेबाजी की।