-धराली आपदा में राहत व पुनर्वास कार्यों में सरकार की लापरवाही उजागर : गोदियाल
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तरकाशी जिले के धराली आपदा में राहत व पुनर्वास कार्यों में सरकार की लापरवाही सामने आई है। प्रदेश सरकार में आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्नल अजय कोठियाल ने इसका खुलासा किया है। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चार दिसंबर को धराली का निरीक्षण करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि कर्नल कोठियाल के बयान ने स्पष्ट किया है कि सरकार ने धराली आपदा में जान-माल नुकसान के आंकड़े अधूरे व भ्रामक हैं। जब सरकार के प्रतिनिधि ही धराली की स्थिति पर सरकार की पोल खोल रहे हैं, तो यह स्पष्ट है कि सरकार ने जनता से जानकारी छिपाई है। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चार दिसंबर को धराली का स्थलीय निरीक्षण करेगा। पीड़ित परिवारों से मिलकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के साथ प्रशासनिक स्तर पर हो रही अनदेखी का प्रत्यक्ष आकलन करेगा। धराली से लौटकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उस रिपोर्ट को राज्यपाल को सौंपा जाएगा।
आपदा के बाद जब धराली पहुंचाना आसान नहीं था, ऐसे समय में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा धराली आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचे। कांग्रेस ने राहत व बचाव कार्यों को लेकर जिन दिक्कतों को उठाया था सरकार ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया। धराली आपदा राजनीति का विषय नहीं है। कांग्रेस इसे संवेदना और जिम्मेदारी का विषय मानती है।