प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार मध्य रात्रि उत्तराखंड के 28 नगर निकायों के अध्यक्ष प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। करीब छट घंटे चली बैठक के बाद प्रत्याशियों की सूची पर अंतिम मोहर लगी। प्रदेश के जिलों से जिला प्रभारी ने कांग्रेस पीसीसी में नगर निकायों में मेयर- अध्यक्ष के दावेदारों का पैनल तैयार कर भेज दिया था। शनिवार देर शाम से ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के आवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक शुरू हो गई थी। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की रायसुमारी के बाद 28 निकायों में अध्यक्ष पद के दावेदारों पर सहमति बनीं।
चुनाव से पहले भरने लगा निगम का खजाना, चार दिन में 50 लाख जमा
निकाय चुनाव से पहले नगर निगम का खजाना भरने लगा है। बार-बार नोटिस देने के बावजूद कर जमा नहीं करने वाले चुनाव लड़ने की इच्छा में भुगतान करने लगे हैं। पिछले चार दिन में तीन सौ से ज्यादा लोग 50 लाख से ज्यादा का कर जमा कर चुके हैं। अभी भी कर जमा करने वालों की भीड़ लगी हुई है। नगर निगम में मेयर या फिर पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए निगम की किसी प्रकार की देनदारी प्रत्याशी पर नहीं होनी चाहिए। बकायदा इसके लिए अदेयता प्रमाणपत्र नामांकन पत्र के साथ लगाया जाता है।
नगर निगम में यह प्रमाण पत्र बनवाने वालों की लाइन लगी हुई है। इसके लिए गृहकर, भूमि अनुभाग और स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट लगती है कि संबंधित व्यक्ति पर किसी प्रकार का कोई बकाया नहीं है। इसके चलते चुनाव लड़ने के इच्छुक इन दिनों बकाया भुगतान में अधिक दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
मेयर पद के लिए 23 ने खरीदे 30 नामांकनपत्र
नगर निगम देहरादून में मेयर और पार्षदों के लिए दूसरे दिन नामांकनपत्र खरीदने वालों की लाइन लगी रही। शनिवार को पांच बजे तक मेयर के लिए नौ लोगों ने 13 नामांकनपत्र खरीदे। अब तक मेयर पद के लिए 23 लोगों ने 30 नामांकनपत्र खरीदे हैं। दूसरी तरफ सभी 100 वार्डों के लिए 239 नामांकनपत्र खरीदे गए। हालांकि, मेयर के लिए अभी किसी भी उम्मीदवार ने अपना। नामांकनपत्र जमा नहीं किया है।
भाजपा ने मसूरी में की सभासद के प्रत्याशियों की घोषणा
नगर पालिका के सभासद के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इसमें वार्ड संख्या छह में कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। तीन वार्डों में दूसरे प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया है। भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष राकेश रावत ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर शहर के वार्ड संख्या तीन राजमंडी महिला सीट पर संध्या ऐनी। वार्ड चार झालकी सामान्य से प्रमिला खरोला। वार्ड पांच लंढौर से ओबीसी महिला निर्मला पंवार अग्रवाल। वार्ड सात कुलड़ी बाजार सामान्य से अमित भट्ट । उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या आठ कचहरी सामान्य से गीता कुमाई। वार्ड नौ से सुमित्रा भवन हुसैनगंज ओबीसी से कुणाल रावत। वार्ड 10 किताबघर से अनुसूचित जाति जाति से अरुण कुमार चंदौलिया। वार्ड 11 इंद्रा कॉलोनी सामान्य रणवीर कंडारी। वार्ड संख्या 13 भद्राज सामान्य से भगत सिंह को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने बताया कि वार्ड छह में पार्टी के कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। पार्टी ने वार्ड एक, दो और 12 में दूसरे प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया है।