पांच सीटों पर पार्टी में इन संभावित चेहरों की है चर्चा
टिहरी सीट पर पूर्व में एक बार किस्मत आजमा चुके पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह खुले तौर पर चुनाव नहीं लड़ने की बात कह चुके हैं, जबकि विधायक विक्रम सिंह व पूर्व मंत्री नव प्रभात दूसरे संभावित नामों में गिने जा रहे हैं। वहीं, हरिद्वार में अघोषित तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत खुद को प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं, लेकिन पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत भी ताल ठोकते नजर आ रहे हैं।
इस सीट पर ब्रह्मस्वरूप ब्रह्चारी, राजपाल खरोला और विधायक अनुपमा रावत संभावितों में शामिल हैं। पौड़ी संसदीय सीट पर पूर्व पार्टी अध्यक्ष गणेश गोदियाल और मनीष खंडूड़ी के नामों की चर्चा है। वहीं, नैनीताल सीट पर एनडी तिवारी के उत्तराधिकारी के तौर पर दीपक बलूटिया, गोविंद सिंह कुंज्वाल, प्रकाश जोशी, महेंद्र पाल जैसे नाम हैं।
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का नाम चौंकाने वाला हो सकता है, क्योंकि विस चुनाव में वह दो बार (वर्ष 2007 और 2017) अजय भट्ट को हरा चुके हैं। अल्मोड़ा में प्रदीप टम्टा प्रमुख नामों में शामिल है। वहीं, यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य को भी उतारा जा सकता है। हालांकि, यशपाल लोस चुनाव न लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। ऐसे में लंबा राजनीतिक नेतृत्व देने में संजीव और अनुभव के आधार पर प्रदीप का नाम सबसे ऊपर शामिल हो सकता है।
ये भी पढ़ें...CharDham Yatra 2023: एक माह बाद शीतकाल के लिए बंद हो जाएगी चारधाम यात्रा, इस दिन होंगे बदरी-केदार के कपाट बंद
2009 में पांचों सीटों पर जमाया था कब्जा
उत्तराखंड राज्य गठन के बाद एक समय ऐसा भी आया, जब वर्ष 2009 में कांग्रेस ने पांचों सीटों पर कब्जा जमाया था। इससे पहले 2002 के उप चुनाव में महेंद्र पाल नैनीताल सीट से जीते थे। वहीं, इसी सीट पर वर्ष 2004 और 2009 के चुनाव में केसी बाबा ने जीत दर्ज की थी।