चुनावी थकान मिटाने के बाद कांग्रेस के सभी दिग्गज बृहस्पतिवार को देहरादून में जुटेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक रखी है जिसमें सभी प्रत्याशियों को भी न्योता दिया गया है।
बैठक में विधानसभा चुनाव की समीक्षा के साथ पार्टी की भावी रणनीति पर मंथन होगा। आचार संहिता को लेकर पीएम मोदी के खिलाफ छेड़े गये अभियान को लेकर पार्टी भावी एक्शन प्लान भी तय करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के मुताबिक, पार्टी हर महीने की 24 तारीख को प्रदेश संगठन की बैठक करती है। वह बैठक बृहस्पतिवार को रखी गई है। सभी कांग्रेस जन विधानसभा चुनाव में व्यस्त थे। बैठक में पार्टी के सभी 70 प्रत्याशियों को बुलाया गया है। वे चुनाव में अपने अनुभवों को साझा करेंगे।
साथ ही लंबे अर्से के बाद उनसे पार्टीजनों का सीधा संवाद होगा। जाहिर है कि कांग्रेस भवन में विस चुनाव के बाद पहली बार पार्टी के सभी दिग्गज एक साथ होंगे। मुख्यमंत्री हरीश रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश, सुरेन्द्र सिंह नेगी, प्रीतम सिंह, दिनेश अग्रवाल, मंत्री प्रसाद नैथानी, हरीश्चंद्र दुर्गापाल समेत पार्टी के सभी प्रत्याशियों की बैठक में मौजूदगी रहेगी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि बैठक में प्रत्याशियों के अलावा, विस पर्यवेक्षक, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, समस्त प्रदेश पदाधिकारी, अनुसांगिक संगठन, प्रकोष्ठों व विभागों के अध्यक्ष भाग लेंगे।
मोदी, भाजपा और महंगाई
हालांकि प्रदेश संगठन इसे रूटीन बैठक बता रहा है, मगर सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक के जरिये पार्टी का शीर्ष नेतृत्व प्रत्याशियों और पार्टी नेताओं से चुनाव परिणामों की टोह लेगा। कांग्रेस चुनाव में बहुत नजदीकी मुकाबला मान कर चल रही है। इसके अलावा बैठक के एजेंडे में पार्टी द्वारा चुनाव आचार संहिता को लेकर मोदी के खिलाफ छेड़े गए अभियान, चुनाव खर्च और हाल ही में रसोई गैस की कीमत में बढ़ोत्तरी के मुद्दे को प्रमुखता से शामिल किए जाने की जानकारी है। इन सभी मुद्दों पर पार्टी भविष्य की रणनीति बनाएगी।