उत्तराखंड कांग्रेस ने सोमवार को केंद्रीय मंत्रियों को प्रदेश की सीमा में अब न घुसने देने का ऐलान किया। कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि केंद्र का प्रदेश के प्रति सौतेला व्यवहार जारी है।
इसके विरोध में अब कांग्रेस प्रदेश में आने वाले किसी भी केंद्रीय मंत्री का घेराव करेगी। किशोर ने 13 अगस्त से प्रदेश के सांसदों का दिल्ली में उनके आवास पर घेराव का भी ऐलान किया। किशोर ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड की लगातार उपेक्षा कर रही है।
इसका विरोध जताने के लिए कांग्रेस किसी भी केंद्रीय मंत्री के उत्तराखंड पहुंचने पर विरोध करेगी। मंत्री को हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन या सड़क मार्ग से आने पर प्रदेश की सीमा पर घेरा जाएगा। कांग्रेस ने अपनी इस मुहिम का नाम जवाब दो, हिसाब दो अभियान का नाम दिया है।
इसी के साथ किशोर ने 13 अगस्त से उत्तराखंड के लोक सभा सांसदों का दिल्ली में उनके आवास पर घेराव का भी ऐलान किया। किशोर ने कहा कि 13 अगस्त को दिल्ली में हरिद्वार के भाजपा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का घेराव किया जाएगा।
हरिद्वार में अर्द्धकुंभ की तैयारी चल रही है पर केंद्र सरकार प्रदेश की कोई मदद नहीं कर रही है। इतना होने पर भी भाजपा के सांसद बोलने को तैयार नहीं हैं।
हरिद्वार और देहरादून के कार्यकर्ता 13 अगस्त को दिल्ली पहुंचकर हरिद्वार सांसद का आवास घेरेंगे। इसके बाद जब भी लोक सभा सत्र आहूत होगा, उधमसिंहनगर के कांग्रेस कार्यकर्ता नैनीताल सांसद का घेराव करेंगे। यह सिलसिला चुनाव तक जारी रहेगा या फिर जब तक मंत्री और सांसद इस्तीफा नहीं दे देते।