हरबर्टपुर में चार करोड़ रुपये की लागत से बने बस अड्डे को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी मुखर हो गए हैं। कांग्रेस ने जहां बस अड्डे को अनुपयोगी बताया तो आम आदमी पार्टी ने उसका संचालन शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
कांग्रेस के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय जैन ने बयान जारी करते हुए कहा कि जिस भूमि पर बस अड्डा बना है, उसके लिए कांग्रेस सरकार में वृहद स्तर की योजना बनाई गई थी। जिसमें अवस्थापना निधि के माध्यम से नगर पालिका कार्यालय, कर्मचारी आवास, चिकित्सालय, फायर स्टेशन, टाउन हाल व एक छोटे बस अड्डे का निर्माण कराया जाना था। कांग्रेस के प्रदेश सचिव विकास शर्मा ने कहा कि शिमला बाईपास मार्ग का निर्माण हो जाने के बाद अधिकतर यातायात हाईवे से संचालित होगा। सहारनपुर जाने वाले यात्री वाहनों के लिए उल्टे देहरादून रोड पर स्थित बस अड्डे पर जाना अस्वाभाविक बात है।
उधर, आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी ने मनोज चौधरी ने कहा कि करोड़ों की लागत से बना हरबर्टपुर बस अड्डा आजकल शोपीस बना हुआ है। उन्होंने कहा कि चार करोड़ रुपये बजट के रूप में जनता की गाढ़ी कमाई खर्च करने के बाद भी यदि बस अड्डे का संचालन नहीं हो रहा है तो यह सरकार की कार्यशैली पर बड़ा सवाल है।