राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-74 के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन में खेल करने के आरोप में रुद्रप्रयाग के अपर जिलाधिकारी तीथपाल पर गाज गिर गई है। तीर्थपाल को निलंबित करते हुए राजस्व परिषद, देहरादून के कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
तीर्थपाल पर 2012-13 के दौरान ऊधमसिंह नगर जनपद के बाजपुर में सहायक कलेक्टर प्रथम श्रेणी के पद पर तैनाती के दौरान कृषि भूमि को अकृषि घोषित कर सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाने का आरोप है।
एनएच-74 के लिए भूमि अधिग्रहण के मुआवजा आवंटन में करोड़ों का हेरफेर किया गया है। पूरे मामले की जांच अभी चल रही है। करोड़ों के इस घोटाले में अब तक आठ पीसीएस अधिकारी निलंबित किए जा चुके हैं। तीर्थपाल पर आरोप है कि जब उनकी तैनाती बाजपुर में थी तो उन्होंने कई मामलों में कृषि भूमि को अकृषि घोषित कर दिया था।
एनएच घोटाले के लिए गठित जांच समिति ने प्रथम दृष्टया में आरोप की पुष्टि होने के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की थी। इस सिफारिश के आधार पर प्रमुख सचिव कार्मिक राधा रतूड़ी ने उनको तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है।