दार्चूला नेपाल में माओवादी विपल्व गुट कम्युनिस्ट पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भारत के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने भारतीय तटबंध निर्माण क्षेत्र में पत्थरबाजी भी की। भारतीय क्षेत्र में कार्य कर रहे मजदूरों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। घटना से भारत के लोगों में गुस्सा है।
माओवादी विप्लव गुट कम्युनिस्ट पार्टी कार्यकर्ता अध्यक्ष भरत मल और सचिव भरत नेपाली के नेतृत्व में दार्चूला नेपाल में एकत्र हुए। यहां उन्होंने भारत सरकार के खिलाफ नारे लगाए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नेपाली नागरिकों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। इस दौरान उन्होंने भारतीय क्षेत्र में तटबंध निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
भारतीय मजदूरों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। इससे पहले भी नेपाली नागरिकों ने भारतीय क्षेत्र में कार्य कर रहे मजदूरों पर पत्थरबाजी की थी जिसमें नेपाल निवासी मजदूर पुष्कर सिंह घायल हो गए थे। धारचूला पुलिस ने पत्थरबाजी करने वाले नेपाल के अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।