मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की पौड़ी गढ़वाल के युवक आशीष डबराल के शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य पर आधारित अमर उजाला में प्रकाशित खबर के फेसबुक पर पोस्ट करने पर पहाड़ के युवाओं का पलायन का दर्द छलक पड़ा।
बड़ी संख्या में युवाओं ने मुख्यमंत्री की पोस्ट को शेयर कर कमेंट किए। युवाओं ने लिखा कि पहाड़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें सरकार की बधाई और शुभकामनाओं के साथ प्रोत्साहन और संरक्षण की आवश्यकता है।
युवाओं ने मुख्यमंत्री से पहाड़ में मंडी स्थापित कराने, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के उपाय और कल्याणकारी योजनाओं के संचालन की मांग की। कई युवाओं ने खेती करने में दिलचस्पी दिखाते हुए आर्थिक मदद की गुहार लगाई।
दरअसल, अमर उजाला ने विगत पांच सितंबर के अंक में पौड़ी गढ़वाल के तिमली विद्यापीठ के युवक आशीष डबराल के ग्रामीणों के सहयोग से 25 नाली बंजर भूमि को आबाद कर उसमें गोभी की फसल उगाने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।