देहरादून के एफआरआईएमए (फ्रीमा) गोल्फ कोर्स में आयोजित कमांडेंट्स कप गोल्फ टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए आईएमए के खिलाड़ियों ने कमांडेंट्स रोलिंग ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
वहीं, 80 वर्षीय गोल्फर कर्नल एससी नैथानी (रि.) ने शानदार खेल दिखाते हुए वेटरन बेस्ट स्टेबल फोर्ड ट्रॉफी अपने नाम कर ली। तीन दिवसीय टूर्नामेंट के समापन अवसर पर आईएमए कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एसके उपाध्याय ने आईएमए टीम को ट्रॉफी सौंपी।
ओवरऑल क्रास में कर्नल ऑलिवर आर सिंह विजेता रहे। जबकि रनरअप का पुरस्कार कर्नल यूसीठारी को दिया गया। ओवरऑल नेट में ब्रिगेडियर टीके ऐच पहले और ब्रिगेडियर तपन लाल शाह दूसरे स्थान पर रहे। वेटरन बेस्ट स्टेबल फोर्ड श्रेणी (80 वर्ष और इससे अधिक) में कर्नल एससी नैथानी ने पहला और वीआर सागर ने दूसरा स्थान हासिल किया। वेटरन बेस्ट स्टेबल फोर्ड (65-80 साल) श्रेणी में डॉ. शेखर राहा विजेता एएम खान उपविजेता रहे।
रौनक हटवाल को लांगेस्ट ड्राइव, कर्नल पीयूष बबरवाल को नीयरेस्ट टू पिन, और स्टेट ड्राइव का पुरस्कार ब्रिगेडियर वीएन चतुर्वेदी को प्रदान किया गया। इसके अलावा अरुण सिंह, ब्रिगेडियर अजय कुमार, मास्टर मरार महाजन, मेजर मोहंती, मेजर वी मलिक और कर्नल पीयूष महाजन को भी अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किया गया।
विजेता खिलाड़ियों को लेफ्टिनेंट जनरल एसके उपाध्याय, आरकेडिया ग्रुप के निदेशक तुषार रस्तोगी, एफआरआई की निदेशक डॉ. सविता और एसबीआई की प्रबंधक नेहा आर्य ने पुरस्कार प्रदान किए। मेजर विनीता सिंह को टूर्नामेंट को आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया। अमर उजाला टूर्नामेंट का प्रायोजक और आरकेडिया ग्रीन सह प्रायोजक था।
नन्हे गोल्फरों का भी जलवा
टूर्नामेंट में नौनिहालों ने भी जबरदस्त खेल दिखाते हुए कई खिताबों पर कब्जा जमाया। चिल्ड्रेन बेस्ट स्कोर में इशिता सजवाण अव्वल रहीं। जबकि, मास्टर हृदय और हर्ष दूसरे स्थान पर रहे। मास्टर ऋषि और मास्टर शौर्य राठौर को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
पिता-पुत्र ने एकसाथ आजमाए हाथ
टूर्नामेंट में कर्नल पीयूष महाजन और उनके बेटे मास्टर मरार महाजन ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए पुरस्कार जीता। मरार महाजन को पुरस्कार मिलते वक्त खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। मौके पर कर्नल सब्बरवाल, लेफ्टिनेंट कर्नल सुमित लेगवाल, कर्नल जेएस भंडारी, सेना के पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल दिनेश शर्मा समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।