देहरादून में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे स्टैंपअप कॉमेडियन रजनीश कपूर ने कहा कि वर्तमान समय में कॉमेडी के बिना जीवन मुश्किल है। कॉमेडी ही एकमात्र ऐसी चीज है जो गरीब-अमीर में भेद नहीं करती। यह हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशी लाती है।
शनिवार को जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे कॉमेडियन रजनीश कपूर और किशोर दयानी ने अपने अनुभव साझा किए। रजनीश ने कहा कि स्टैंडअप कॉमेडी का दौर आज भी बरकरार है। इसकी खास बात यह है कि एक कलाकार के हास्य अंदाज को आप समझने लगते हो और फिर हर सेकेंड पर उसके हास्य व्यंग्य आपको लोट-पोट होने पर मजबूर करते हैं। वहीं, किशोर दयानी ने हास्य अंदाज में कहा कि मैं बिहार का रहने वाला हूं। जब मैं दिल्ली जा रहा था तो मुझे परिचितों ने बोला कि बुरी संगत से बचना। तो मैंने जवाब दिया- बिहारी से बुरी संगत और क्या होती है भला।
किशोर ने कहा कि मेरा बचपन से सपना रहा है कि मैं बड़े शहर जाऊं, लड़की पटाऊं। रांची से जब दिल्ली गया तो फास्ट जिंदगी देखकर ताज्जुब हुआ। किशोर ने हंसीभरे अंदाज में कहा कि दिल्ली के लोग जब किसी को सड़क पार करते देखते हैं तो वाहन की स्पीड और तेज कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि स्टैंडअप कॉमेडी ऐसा विकल्प है, जो किसी छोटे से छोटे कार्यक्रम में भी आयोजित की जा सकती है। इसलिए यह आम आदमी से लेकर बड़े वर्ग को भी खूूब भाती है।
स्टैंड अप कॉमेडियन किशोर दयानी