देहरादून। सोशल मीडिया में धराली आपदा को लेकर कर्नल अजय कोठियाल की वायरल वीडियो से भाजपा असहज हुई है। भाजपा के प्रवक्ता विधायक विनोद चमोली ने कहा कि उनकी विशेषज्ञ सलाह को सरकार गंभीरता से लेगी।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में विधायक व प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि कर्नल कोठियाल ने धराली आपदा को लेकर जो भी तथ्य कहे हैं, उस पर पार्टी व सरकार गंभीरता से विमर्श करते हुए, जरूरत अनुसार निर्णय लेगी। जहां तक सरकार का प्रश्न है तो उनके पास सूचना एवं आंकड़े जुटाने के कई माध्यम हैं। चमोली ने कहा, जब भी कोई आपदा आती है तो सबसे पहली प्राथमिकता घायलों एवं प्रभावितों की जान बचाना होती है। दुर्भाग्य से जिन्हें बचाया नहीं जा सका, उनके आंकड़े जुटाने में भी दिक्कत होती है। केदारनाथ आपदा के समय भी सभी ने देखा कि आज तक उस त्रासदी में मृत लोगों का पूरा आंकड़ा स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। कुछ इस तरह की कठिनाइयां धराली आपदा में भी थीं।