स्वास्थ्य विभाग में आठ जनपदों के सीएमओ बदले जाएंगे। अपर निदेशक रैंक के अधिकारी सीएमओ पद पर तैनात होते हैं, लेकिन सियासी दखल के चलते संयुक्त निदेशक रैंक के अधिकारियों को जिले का प्रभार सौंप दिया गया था।
राष्ट्रपति शासन के दौरान राज्यपाल ने सीएमओ की तैनाती पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद अपर निदेशकों को ही तैनात करने का निर्देश गया। शासन ने अपर निदेशक रैंक के अधिकारियों की सूची तैयार कर फाइल स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के अनुमोदन के लिए भेज दी है।
यह है मामला
स्वास्थ्य विभाग में अपर निदेशक रैंक के कई अधिकारी मौजूद होने के बाद संयुक्त निदेशक रैंक के अधिकारियों को प्रभार सौंपा हुआ है। सेवा नियमावली के तहत अपर निदेशक ही सीएमओ के पद पर तैनात किया जा सकते हैं, लेकिन कई बार मुद्दा उठने के बाद भी सरकार ने इसका संज्ञान नहीं लिया।
राष्ट्रपति शासन के दौरान राज्यपाल के आदेश पर शासन ने अपर निदेशकों को सीएमओ बनाने के लिए स्वास्थ्य महानिदेशालय से प्रस्ताव मांगा था। प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने सीएमओ के तबादला प्रस्ताव को स्वास्थ्य मंत्री को भेजा है।