इन सबको खुले में शौच से मुक्त कर ओडीएफ घोषित कर दिया गया है। अब ओडीएफ प्लस की योजना के ऊपर काम चल रहा है। उन्होंने सभी संतों और आमजन को कुंभ में आमंत्रित भी किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यूपी को अपराधमुक्त और विकासयुक्त बनाने में योगी की कार्यप्रणाली की मुक्त कुंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस समय जल का संकट तेजी से गहरा रहा है। देश के अन्य हिस्सों के साथ ही उत्तराखंड में भी पानी का जलस्तर तेजी से गिरा है। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के कंधों पर देश के अन्य राज्यों को भी जल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है। जल संरक्षित कर ही हम इस दायित्व का निर्वहन कर सकते हैं।
यूपी की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने योगी और त्रिवेंद्र सिंह रावत की कार्यप्रणाली की सराहना की। उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने तालमेल और सूझबूझ से संपत्तियों का बंटवारा कर बेहतर नमूना पेश किया है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने राज्य में नाथ सर्किट विकसित करने की बात कही। समारोह को सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, जगद्गुरु स्वामी श्यामदेवजी महाराज, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, स्वामी देवानंद सरस्वती महाराज आदि ने भी संबोधित किया। संचालन लखनऊ से आई उद्घोषिका शिखा ने तथा आभार यूपी के प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी ने किया। इससे पहले गंगा पूजा करने के बाद दोनों मुख्यमंत्रियों ने नए बनने वाले पर्यटक आवास गृह का शिलान्यास किया।