पहचाना मुझे...मई माह में अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की तो उनसे यही सवाल किया था। 89 वर्षीय सावित्री देवी की बढ़ती उम्र के कारण याददाश्त काफी कमजोर हो चुकी थी। पिछले करीब एक वर्ष से वह परिवार के सदस्यों को भी पहचान पाने में असमर्थ थीं। ऐसे में मां के सामने पहुंचकर योगी का यह सवाल उस मुलाकात का एक भावुक क्षण बन गया था।
योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से यह मुलाकात इसी साल नौ मई को हुई थी। वह सात मई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। शुक्रवार को पंचूर गांव स्थित विष्णु पंचदेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम और महायज्ञ में शामिल हुए थे।
बहनों और अन्य नाते-रिश्तेदारों से भी की थी मुलाकात
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद शाम करीब पौने पांच बजे वह अपने पैतृक आवास पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही बहनों और अन्य नाते-रिश्तेदारों से भी मुलाकात की थी। अब मां से हुई वही मुलाकात उनकी आखिरी मुलाकात बन गई है।
ये भी पढे़ं...सीएम योगी की मां के साथ यादें: इसी साल मई में की थी आखिरी मुलाकात, पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर लिया था आशीर्वाद
इससे करीब डेढ़ वर्ष पहले भी योगी आदित्यनाथ अपनी बीमार मां से मिलने एम्स अस्पताल पहुंचे थे। उस समय उन्होंने अस्पताल में मां का हालचाल जाना था। मई में पंचूर में हुई मुलाकात के दौरान मां से पूछा गया वह सवाल अब इस आखिरी मुलाकात की सबसे यादगार बातों में शामिल हो गया है।