देहारदून की एक शिक्षिका ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर बदनीयत सिटी बस के चालक और परिचालक की शिकायत की थी, जिसके बाद सीएम ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए ये एक्शन लिया।
शिक्षिका को बल्लूपुर चौक पर उतारने के बजाए बस को तेज गति से भगाने के मामले में कैंट पुलिस ने उक्त सिटी बस को खोज निकाला। पुलिस ने बुधवार को बस सीज कर परिचालक से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की। शादी समारोह में बाहर होने के कारण चालक अभी नहीं मिल सका है।
हालांकि परिचालक ने सफाई दी है कि टाइमिंग की जल्दबाजी में यह गलती हुई है। दून की एक शिक्षिका ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर सिटी बस के चालक और परिचालक की शिकायत की थी। बताया था कि वह तीन दिसंबर को प्रेमनगर से बल्लूपुर चौक के लिए बस में सवार हुई थी। चालक जानबूझकर बस को नीचे ले जाने के बजाए फ्लाई ओवर के ऊपर से तेज रफ्तार में ले गया।
वह चिल्लाती रही, मगर उसकी बात नहीं सुनी गई। पुलिस का डर दिखाया तब जाकर काफी दूर बस रोकी गई। पीड़िता ने चालक और परिचालक की मंशा पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।