उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने यूपी के विधायक महेंद्र सिंह भाटी की हत्या के सजायाफ्ता बदमाश लक्कड़पाला की पैरोल को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।
आरोप लगाया कि पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के ससुर भाटी के हत्यारे को पैरोल देकर मुख्यमंत्री भय का माहौल बनाना चाहते हैं। बहुगुणा मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात कर इस बारे हस्तक्षेप की मांग करेंगे।
मंगलवार को बीजापुर स्थित आवास में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के इशारे पर शासन ने हरिद्वार जेल में बंद पाल सिंह पाला उर्फ हरपाल उर्फ लक्कड़पाला को दो महीने की पैरोल दे दी है। पैरोल के लिए वृद्ध माता पिता के उपचार और कृषि कार्य को आधार बनाया गया है।
पूर्व सीएम ने कहा कि महेंद्र भाटी भाजपा नेता चैंपियन के ससुर थे। चैंपियन मुख्यमंत्री से खुद की जान को खतरा भी बता चुके हैं। बाकायदा हाईकोर्ट में दायर याचिका में चैंपियन ने यह बात रखी है कि उनके महल पर हुई तोड़फोड़ और आगजनी में मुख्यमंत्री हरीश रावत का हाथ था।
चुनाव से पहले लक्कड़पाला को पैरोल देकर मुख्यमंत्री भाजपा नेताओं को भय दिखाना चाहते हैं। ऐसे में भाजपा चैंपियन और उनके परिवार की सुरक्षा के प्रति भी आशंकित है।
बहुगुणा ने सवाल किया कि चुनाव के दौरान बदमाशों की धरपकड़ होनी चाहिए, जबकि मुख्यमंत्री उल्टा ऐसे तत्वों को छोड़कर आखिर क्या संदेश देना चाहते हैं? उन्होंने बताया कि राज्यपाल से मुलाकात कर पैरोल रद्द कराने की मांग की जाएगी। साथ ही इसकी शिकायत चुनाव आयोग से भी करेंगे।