राष्ट्रपति शासन के दौरान विधायकों की खरीद फरोख्त के स्टिंग प्रकरण में फंसे उत्तराखंड सीएम हरीश रावत मंगलवार दिल्ली स्थित सीबीआई हेडक्वार्टर में चली पूछताछ शाम साढ़े चार बजे खत्म हो गई। अब सीबीआई ने आगामी सात जून को हरीश रावत को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत मंगलवार सुबह 11 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे, जहां पांच घंटे से ज्यादा वक्त तक लगातार हरीश रावत से पूछताछ की गई।
इससे पहले सुबह सीबीआई मुख्यालय जाते वक्त मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा था कि कानून का पालन करने वाले नागरिक के समान वह सीबीआई के सामने पेश होंगे। वह नहीं चाहते कि जनता यह सोचे कि वह सीबीआई का उल्लंघन कर रहे हैं।
जांच एजेंसी ने दो दिन पहले सीएम को पूछताछ में शामिल होने के लिए पत्र भेजा था। प्रकरण को लेकर प्राथमिक जांच (पीई) दर्ज हो चुकी है, जिससे सीएम के बयानों को अहम माना जा रहा है।
इससे पहले सीबीआई ने 9 मई को सीएम हरीश रावत को जांच में सहयोग के लिए दिल्ली तलब किया था, लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण उन्हें राहत मिल गई थी। दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचे हैं, जो सीबीआई जांच के विरोध में केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।