देहरादून। टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र निवासी रेशमा देवी के लापता होने के मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिजनों को हरसंभव सरकारी मदद का भरोसा देते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने टिहरी एसएसपी से फोन पर मामले की विस्तृत जानकारी ली और रेशमा की सकुशल तलाश के लिए तकनीकी व वैज्ञानिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी परिजन का लापता होना परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक होता है, इसलिए जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम धामी ने अधिकारियों को अब तक की कार्रवाई की समीक्षा करने और परिजनों को जांच की प्रगति से लगातार अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इस संवेदनशील प्रकरण में परिजनों के साथ खड़ी है और हरसंभव प्रयास सुनिश्चित किए जाएंगे।