उत्तराखंड के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में शिक्षक बनने का सपना संजोए बीएड टीईटी पास प्रशिक्षित बेरोजगारों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश सरकार ने 653 पदों को बढ़ाकर 1152 पदों पर शिक्षकों की भर्ती करने का निर्णय लिया है। शनिवार को कैबिनेट की बैठक में इस पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को इस संबंध में निर्देश दिए।
प्रदेश में 25 हजार से अधिक बीएड टीईटी पास प्रशिक्षित बेरोजगार शिक्षकों के भर्ती के पद बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। एनसीईआरटी की गाइड लाइन के मुताबिक 31 मार्च 2016 के बाद बीएड टीईटी पास प्रशिक्षित बेरोजगार प्राइमरी स्कूलों में सहायक अध्यापक नहीं बन पाएंगे।
इसके लिए (डीएलएड) डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन को अनिवार्य किया गया है। यही वजह है कि बेरोजगार शिक्षकों के भर्ती के पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अपर मुख्य सचिव एस राजू ने बताया कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद शिक्षकों के भर्ती के पदों को बढ़ाकर 1152 किया जाएगा, इसके लिए शासन की ओर से संशोधित आदेश जारी किया जाएगा।