सीएम हरीश रावत ने बजट सत्र से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात कर विस सत्र का एजेंडा बताया।
हरीश रावत ने राहुल गांधी को बताया कि राज्य सरकार अपने बजट में गांव गरीब और किसान पर ज्यादा फोकस करेगी। उन्होंने राहुल को हरिद्वार में पार्टी के बूथ सम्मेलन में आने का न्योता भी दिया।
सीएम हरीश रावत व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय बजट का खाका लेकर दिल्ली पहुंचे। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अम्बिका सोनी के साथ मुलाकात की।
सीएम ने नौ मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र पर अपनी तैयारी का खाका राहुल और अम्बिका के समक्ष रखा।
हरीश ने कहा कि ग्रीन बोनस के मुद्दे से विपक्ष को कटघरे में खड़ा करेंगे। इसके अलावा ग्रीन बोनस पर राज्य सरकार अपना प्रबंधन भी करेगी।
इसके अलावा गाय, गंगा, गांव, गरीब, गुजर बसर, गहत गलगल, गाड़ गदेरों पर पूरे बजट में फोकस किया है। हरीश ने केंद्रीय नेतृत्व से इन मुद्दों पर मार्गदर्शन भी मांगा।
हरीश रावत ने राहुल गांधी व अम्बिका सोनी को हरिद्वार आने का न्योता दिया। उन्होंने बताया कि अप्रैल में हरिद्वार में कांग्रेस का बूथ सम्मेलन होना प्रस्तावित है।