फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विमान हादसे में सीएम हरीश रावत घायल

Sat, 14 Jun 2014 08:50 PM IST
अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
सरकारी विमान से दिल्ली जा रहे मुख्यमंत्री हरीश रावत शुक्रवार को बाल-बाल बचे। खराब मौसम की वजह से विमान ने जोर के कई झटके खाए, जिससे उनकी गर्दन की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।
विज्ञापन


सूत्र बताते हैं कि बादल टकराने की वजह से यह हादसा हुआ। उस समय मुख्यमंत्री ने बेल्ट नहीं बांधी थी इसलिए झटका लगने पर उनका सिर प्लेन की छत से टकराया और वह गिर पड़े।

शुक्रवार देर शाम उन्हें एम्स के ऑर्थोपेडिक विभाग में भर्ती कराया गया है। खबर मिलते ही मुख्यमंत्री के बड़े पुत्र वीरेंद्र रावत समेत परिवार के सभी सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो गए है।
विज्ञापन

गर्दन और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर

एम्स के प्रवक्ता डॉक्टर अमित गुप्ता के मुताबिक, झटके का असर मुख्यमंत्री की गर्दन और रीढ़ की हड्डी पर पड़ा है, जिससे गर्दन की हड्डी टूट गई है।

डॉक्टरों ने सीटी स्कैन और एमआरआई करवाई है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, अभी उन्हें निजी वार्ड में एडमिट कराया गया है, जहां विशेषज्ञ आगे की जांच कर रहे हैं।

इसके आधार पर पता चलेगा कि क्षतिग्रस्त हड्डी दवाइयों से ठीक हो सकती है या सर्जरी करनी पड़ेगी।

खबर सुनते ही सरकारी मशीनरी में हड़कंप

भर्ती की खबर सुनते ही मुख्य स्थानिक आयुक्त आलोक कुमार जैन, अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा, केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात संयुक्त सचिव डॉ. राकेश कुमार समेत कई वरिष्ठ ब्यूरोक्रेट एम्स पहुंच गए।

दुर्घटना की खबर सुनते ही राज्य की सरकारी मशीनरी में भी हलचल देखी जा रही है। सभी की जिज्ञासा असल स्थिति से अवगत होने की रही।

सीएम के मीडिया मैनेजर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल उन्हें चिकित्सकों ने आराम की सलाह दी है।

सीएम के घायल होने से कांग्रेसी बेचैन

मुख्यमंत्री हरीश रावत के घायल होने की सूचना से हरिद्वार के कांग्रेसी बेचैन हो गए। कई मुख्यमंत्री परिवार से संपर्क साधकर उन्हें दिलासा देने की कोशिश कर रहे हैं।

मौसम की खराबी के चलते विमान के लड़खड़ाने के चलते हरीश रावत के घायल होने की सूचना हरिद्वार के कांग्रेसियों में जंगल के आग की तरह फैल गई।

मुख्यमंत्री होने से पूर्व हरीश रावत हरिद्वार के स्थानीय सांसद थे और यहीं के कोटे से केंद्रीय मंत्री रहे। लिहाजा स्थानीय कांग्रेसियों से उनके करीबी संबंध हैं। इसलिए उनकी दुर्घटना की खबर ने यहां के कांग्रेसियों को विचलित कर दिया।
विज्ञापन

देर रात कई पहुंच सकते हैं दिल्ली

कार्यकारी जिलाध्यक्ष राव आफाक अली ने अमर उजाला से अपनी चिंता बांटते हुए कहा कि जिले के सभी कांग्रेसी मुख्यमंत्री रावत की सेहत को लेकर फिक्रमंद हैं। आफाक देर रात दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि रावत के घायल होने की खबर से सभी कांग्रेसी परेशान हो गए हैं। सभी उनकी सेहत के लिए दुआ कर रहे हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूनम चौहान ने हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि मैं खुद मुख्यमंत्री रावत की बेटी अनुपमा से संपर्क करने का प्रयास कर रही हूं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें