मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपने पूर्व शिक्षकों से मुलाकात का एक भावुक दृश्य सामने आया। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की मुलाकात अपने दो पुराने शिक्षकों से हुई। वर्षों बाद गुरुजनों को सामने देखकर मुख्यमंत्री ने पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ उनके चरण स्पर्श किए और आशीर्वाद लिया। गुरु-शिष्य के इस मिलन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
यह मुलाकात मुख्यमंत्री के लिए अपने विद्यार्थी जीवन की यादों को फिर से ताजा करने का अवसर बनी। कभी जिन शिक्षकों ने उन्हें विद्यालय में शिक्षा दी और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, उन्हीं गुरुजनों से वर्षों बाद मिलकर मुख्यमंत्री भावुक नजर आए।
इस दौरान मुख्यमंत्री की प्राथमिक कक्षा के शिक्षक जोहरा अब्बास और कक्षा 12वीं के शिक्षक सुदर्शन वर्मा से मुलाकात हुई। दोनों शिक्षकों ने अपने पुराने विद्यार्थी को पहचानते ही स्नेह और प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने पुष्कर सिंह धामी के विद्यार्थी जीवन से जुड़ी पुरानी यादें भी साझा कीं।
शिक्षकों ने बताया कि विद्यार्थी जीवन में पुष्कर सिंह धामी पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। वे स्कूल के कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते थे। शिक्षकों के अनुसार, उनकी पहचान एक होनहार, सक्रिय और बहुमुखी प्रतिभा के धनी विद्यार्थी के रूप में थी।