डेमोग्राफिक चेंज की स्थिति पर भी ध्यान देने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हो रहे डेमोग्राफिक चेंज की स्थिति पर भी ध्यान देने की जरूरत है। भारत की जनसंख्या वर्ष 2000 में 105.79 करोड़ थी, जो वर्ष 2023 में 143.81 करोड़ हो गई है। जबकि उत्तराखंड की आबादी वर्ष 2000 में 84 लाख थी जो वर्ष 2023 में 1.275 करोड़ हो गई है। राष्ट्रीय स्तर पर यह बढ़ोतरी 35 प्रतिशत तो उत्तराखंड के परिदृश्य में 51 प्रतिशत है।
पहाड़ों में अकेले रह रहे बुजर्गों की देखभाल जरूरी
सीएम ने पर्वतीय क्षेत्रों में अकेले रह रहे बुजुर्गों की उचित देखभाल के लिए भी प्रभावी प्रयासों की जरूरत बताई। कहा कि इसमें आंगनबाड़ी केंद्रों को भी सहयोगी बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने नशा मुक्त उत्तराखंड योजना के तहत बनाए जा रहे केंद्रों के रखरखाव तथा योजना के प्रभावी प्रचार- प्रसार पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी निकट भविष्य में हल्द्वानी में स्थापित केन्द्र का निरीक्षण करेंगे।
महिलाओं में खून की कमी की समस्या से निपटा जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अभी भी 46 प्रतिशत महिलाओं में खून की कमी है। इस समस्या से निपटने के लिए विभाग ठोस कार्ययोजना बनाएं। महिला पोषक योजना के माध्यम से एनिमिया के केसों को कैसे कम किया जा सकता है इस पर ध्यान दिया जाए। दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी से पहले नजदीकी सरकारी चिकित्सालयों में देख-रेख के लिए उचित व्यवस्था बनाई जाए।