आशा कार्यकर्ताओं का काम आसान करेगा आशा संगिनी पोर्टल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून अस्पताल में आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से लैस नवनिर्मित इमरजेंसी ओटी ब्लॉक का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आशा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष रूप से तैयार ‘आशा संगिनी’ पोर्टल की शुरुआत कर हस्त पुस्तिका का विमोचन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के दूरस्थ पर्वतीय इलाकों तक सभी को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से प्राप्त हों, इसके लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार वर्ष 2025 तक सभी क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र में भी देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आशा संगिनी’ पोर्टल के जरिये आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं सरलता और प्रभावी रूप में मिलेेगी। पोर्टल के जरिये राज्य की 12 हजार से अधिक आशा कार्यकर्ताओं को समय पर भुगतान दिलाने और उनके कार्यों का प्रभावी मूल्यांकन सरलता से होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला राज्य है और आशाएं राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। वे दुर्गम क्षेत्रों तक प्रतिकूल परिस्थितियों में जिस तरह अपनी सेवाएं जरूरतमंदों तक पहुंचा रही हैं, वह सराहनीय है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से कुछ आशा कार्यकर्ताओें से बात भी की। कार्यक्रम में मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, दिलीप सिंह रावत, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, प्राचार्य राजकीय दून मेडिकल कॉलेज डॉ. आशुतोष सयाना, दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यूसुफ रिजवी, डॉ. एनएस खत्री आदि मौजूद थे।
छह हजार आशाओं को जल्द मिलेंगे टैबलेट
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए पोर्टल शुरू किया गया है। छह हजार से अधिक हजार आशाओं को कार्य सुविधाजनक बनाने के लिए टैब दिए गए हैं। बाकी छह हजार को भी टैब जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। हर ब्लॉक मुख्यालय पर आशा संवाद के नाम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वर्ष 2024 तक राज्य को क्षय रोगमुक्त बनाना है। वर्ष 2025 तक स्वास्थ्य के क्षेत्र में दस महत्वपूर्ण लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।