- मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से भेंटकर रेल एवं डिजिटल कुंभ 2027 पर की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर प्रदेश में रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने मेरठ आरआरटीएस का संचालन हरिद्वार, ऋषिकेश तक करने का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सामरिक, भौगोलिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है। उन्होंने दिल्ली से मेरठ के बीच आरआरटीएस के सफल संचालन का उल्लेख करते हुए मेरठ से हरिद्वार एवं ऋषिकेश तक आरआरटीएस के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया और इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रथम चरण का कार्य वर्ष 2026 तक पूर्ण कर लोकार्पण सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। कुमाऊं के विकास के लिए टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना के रूप में स्वीकृति प्रदान करने और बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे की अनुमति देने का भी अनुरोध किया। उन्होंने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण, रायवाला बाई-डक ब्रिज के विकास कार्य, चारधाम रेल परियोजना के अंतर्गत डोईवाला-उत्तरकाशी एवं कर्णप्रयाग-पीपलकोटी खंडों के फाइनल लोकेशन सर्वे को शीघ्र पूर्ण कर स्वीकृति प्रदान करने और मोहंड-देहरादून-सहारनपुर रेल लाइन परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
-
डिजिटल होगा कुंभ
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को बताया कि राज्य सरकार ने कुंभ 2027 को डिजिटल कुंभ के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स सहित अन्य अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित सूचना प्रसार, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। डिजिटल कुंभ के लिए 143.96 करोड़ की वित्तीय सहायता के लिए केंद्र सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को भेजे प्रस्ताव पर कार्रवाई का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने मुख्यमंत्री धामी को सकारात्मक आश्वासन दिया।