देहरादून। अंतर-सचिवालय क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब सीएम आवास इलेवन ने अपने नाम कर लिया है। खिताबी भिड़ंत में सीएम आवास ने सचिवालय लायंस को शिकस्त दी। पहली बार ऐसा हुआ जब सचिवालय से बाहर की टीम ने खिताब कब्जाया।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में शुक्रवार को हुए टूर्नामेंट के फाइनल मैच में सीएम आवास ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सचिवालय लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। इसमें चंदन इपेज ने 41, सौरभ ने 30, धीरेंद्र ने 20 रनों का योगदान दिया। सीएम आवास की तरफ से इतेंद्र डबराल ने 3 विकेट झटके।
लक्ष्य की पीछा करने उतरी सीएम आवास के बल्लेबाजों ने मजबूत शुरुआत दी। हेमंत ने अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। 71 रन के स्कोर पर हेमंत गलत शाट खेलकर विकेट गवां बैठे। हालांकि, दूसरे छोर से मनोज भी क्रीज पर टिककर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाते रहे। मनोज ने 36 रन बनाए। आठ विकेट हाथ में रखते हुए 17.2 ओवर में टीम ने लक्ष्य हासिल किया। लायंस की तरफ से संदीप, प्रमोद कुमार ने 1-1 विकेट लिया। लगातार मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले हेमंत शर्मा ने फाइनल मुकाबले में भी गजब की बल्लेबाजी की। शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। सचिवालय क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष संतोष बडोनी ने विजेता सीएम आवास इलेवन को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर अमित तोमर, बीरेंद्र रावत, अनिल जोशी, विनोद, आशुतोष, राकेश जोशी, टीएच खान, कमेंटेटर उपेंद्र पंवार आदि उपस्थित रहे।
इनको मिले खिताब
मैन ऑफ द मैच - हेमंत शर्मा
बेस्ट बेट्समैन - नूर मोहम्मद
बेस्ट बॉलर - विनोद शर्मा
बेस्ट स्कोरर टीम - सचिवालय हरिकेन (233 रन)
मैन ऑफ द सीरीज - टीएच खान (128 रन, आठ विकेट)