काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससी) की ओर से जारी 10वीं और 12वीं के रिजल्ट में ऑल इंडिया रैंकिंग (एआईआर) में जगह बनाने में देहरादून जिले के छात्रों ने बाजी मारी है। 10वीं में प्रदेश से एआईआर में जगह बनाने वाले तीनों छात्र देहरादून के ही थे। अब 12वीं में भी दून के चार और जिले के पांच छात्रों ने एआईआर में स्थान बनाकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
10वीं में ऑल इंडिया रैंकिंग में दून के तीन छात्र दूसरे और तीसरे स्थान पर थे। इनमें ब्राइटलैंड स्कूल की तनवी शर्मा, स्वस्तिक और वेल्हम गर्ल्स स्कूल की केया अग्रवाल शामिल हैं। तनवी ने 99.60 फीसदी अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंकिंग में दूसरा, स्वस्तिक पंत ने 99.40 और केया अग्रवाल ने 99.40 फीसदी अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
अब 12वीं में भी ऑल इंडिया रैंकिंग में जगह बनाने वाले छह छात्रों में से पांच छात्र देहरादून जिले के हैं। इनमें ऑल इंडिया रैंकिंग में दूसरा स्थान प्राप्त करने वालों में देहरादून के वैभव अरोरा और ऋषिकेश के संस्कार ध्यानी शामिल हैं। जबकि, तीसरा स्थान हासिल करने वालों में देहरादून के आकर्ष गुंजेश, सार्थक वात्सा, रुचिका अग्रवाल शामिल हैं।
ब्राइटलैंड स्कूल की प्रधानाचार्य पुष्पा थपलियाल ने कहा कि छात्रों ने ऑल इंडिया रैंकिंग में स्थान हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। बीते दो साल कोरोनाकाल के दौरान शिक्षकों ने छात्रों को पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए हरसंभव कार्य किए। इसका ही नतीजा है कि छात्रों ने ऑल इंडिया रैंकिंग में जगह बनाई है। इसके लिए स्कूल के शिक्षक और अभिभावक बधाई के पात्र हैं।