फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहली बार दारमा घाटी से कीजिए छोटा कैलाश की यात्रा, आज से होगी शुरुआत

Sun, 02 Jun 2019 12:29 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धारचूला (पिथौरागढ़)
विज्ञापन
पवित्र छोटा कैलाश पर्वत - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
विज्ञापन

छोटा कैलाश यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए अच्छी खबर है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के अलावा अब दिलिंग दारमा सेवा समिति के सहयोग से भी छोटा कैलाश यात्रा कराई जा रही है। दारमा घाटी के रास्ते दो जून से शुरू हो रही यह यात्रा आईटीबीपी के डीआईजी एपीएस निंबाडिया के प्रयासों से आयोजित हो रही है। पहले 21 सदस्यीय दल में 13 पुरुष और आठ महिलाएं शामिल होंगी। 

विज्ञापन


कुमाऊं मंडल विकास निगम हर साल कैलाश मानसरोवर यात्रा के साथ ही छोटा कैलाश यात्रा भी कराता है। पर्यटक 6191 मीटर की ऊंचाई पर स्थित छोटा कैलाश के दर्शनों के साथ ही पार्वती ताल के दर्शन भी करते हैं। केएमवीएन की ओर से छोटा कैलाश यात्रा व्यास घाटी से कराई जाती है। यह यात्रा 13 जून से शुरू होगी। इस साल आईटीबीपी के सहयोग से दिलिंग दारमा समिति भी छोटा कैलाश यात्रा संचालित कर रही है।

समिति के महासचिव जगत सिंह दताल ने बताया कि यात्रा दो जून को दिल्ली से शुरू होकर तीन जून को धारचूला पहुंचेगी। प्रथम दल में 21 सदस्य शामिल हैं। दल चार जून की सुबह छह बजे वाहन से दुग्तू तक जाने के बाद पंचाचूली बेस कैंप पहुंचेगा। दूसरे दिन पंचाचूली ग्लेशियर के दर्शन कर दांतू में दानवीर जसुली शौक्यानी, सीपू महादेव गुफा और शिव पार्वती पद चिन्हों के दर्शन करने के बाद सात जून को 12 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके बिदांग पहुंचेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

आठ जून को रामा से 17 किलोमीटर पैदल चलकर ज्योलीकांग में आदि कैलाश के दर्शन के बाद देर शाम तक वापस रामा आएगा। नौ जून को रामा, दांतु होते हुए वाहनों से वापस धारचूला लौटेगा। दिलिंग दारमा सेवा समिति के अध्यक्ष पूरन सेलाल ने कहा कि इस प्रकार की यात्रा से दारमा घाटी में पर्यटन बढ़ेगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने आईटीबीपी के डीआईजी के इस प्रयास की सराहना करते हुए राज्य सरकार और केंद्र से छोटा कैलाश यात्रा को दारमा और व्यास दोनों घाटियों से संचालित करने की मांग की है। 

व्यास घाटी की अपेक्षा दारमा घाटी सुगम और सरल यात्रा है। दारमा घाटी से यात्रा होने पर पर्यटकों को दोनों घाटी के दर्शनीय स्थलों को देखने का मौका मिलेगा। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। छोटा कैलाश यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को आईटीबीपी मेडिकल सुविधा या अन्य तरह की मदद उपलब्ध कराएगी। -एपीएस निंबाडिया डीआईजी, आईटीबीपी।

कुमांऊ मंडल विकास निगम छोटा कैलाश यात्रा 13 जून से शुरू करेगा। यात्रा व्यास घाटी के परंपरागत रूट से होकर संचालित होगी। यात्रियों की सुविधाओं के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। - अशोक जोशी, जीएम केएमवीएन। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें