उत्तराखंड केचमोली जिले के चीन सीमा क्षेत्र बाड़ाहोती चीनी घुसपैठ को लेकर फिर चर्चाओं में है।
यहां जुलाई माह में ही अब तक पांच बार चीन की ओर से घुसपैठ किए जाने की सूचना आ रही है। सूत्र बताते हैं कि छोटे वाहनों और घोड़े पर सवार होकर आए चीनी सैनिक बाड़ाहोती एरिया में बहने वाली होतीगाड़ के पास तक भारतीय सीमा में घुस आए थे। हालांकि प्रशासन ने ऐसी किसी भी सूचना से साफ इंकार किया है।
सूत्रों के अनुसार दस जुलाई को तुनजुन ला के पास बाइक के जरिए एक चीनी सैनिक करीब 500 मीटर तक भारत की सीमा में घुस आया था। आईटीबीपी जवानों के विरोध के बाद चीनी सैनिक वापस चला गया। इससे पहले आठ जुलाई को भी आधा दर्जन छोटे वाहनों में सवार 32 चीनी सैनिकों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की। चीनी सैनिक होतीगाड़ क्षेत्र में करीब चार किलोमीटर तक भारतीय सीमा में घुस आए। इसी दिन घोड़े पर सवार कुछ चीनी सैनिक भी भारतीय सीमा में दिखे थे। चीनी सैनिकों ने भारतीय चरवाहों को इशारे से वापस चले जाने के लिए कहा।
चमोली की जिलाधिकारी स्वाती एस भदौरिया ने बाड़ाहोती क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भेजे जाने की पुष्टि तो की है, लेकिन सीमा क्षेत्र में घुसपैठ की किसी भी सूचना से उन्होंने इनकार किया है। उन्होंने कहा कि मीडिया की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन ऐसी कोई सूचना प्रशासन को नहीं मिली है।