दीवाली पर चाइनीज आतिशबाजी बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था दीपम सेठ ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को आदेश जारी कर दिए हैं।
आईजी दीपम सेठ ने बताया कि डायरेक्टर रिवेन्यू इंटेलीजेंस देबी प्रसाद की ओर से 16 अक्तूबर को सभी प्रदेशों को एक पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने बाजारों में चाइनीज पटाखों का आयात होने की आशंका जताते हुए इस पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश जारी किए।
इस संबंध में पुलिस प्रशासन को भी निर्देशित किया गया था कि वे इन पटाखों की बिक्री पर अंकुश लगाना सुनिश्चित करें। इसी संबंध में सभी जिलों के कप्तानों को आदेश दिए गए कि यदि स्थानीय बाजारों में इन पटाखों की बिक्री करते कोई पाया जाता है तो उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। बता दें कि चीन से भारत को होने वाले आयात सामग्री में आतिशबाजी शामिल नहीं है।
लिहाजा यदि यह बाजार में बिक रहें हैं तो वे अवैध रूप से आयातित होंगे। इस संबंध में आरटीआई कार्यकर्ता भूपेंद्र कुमार ने भी पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखकर इन पटाखों पर अंकुश लगाने की मांग की है। आयोग ने यह भी माना है कि ये पटाखे भारतीय पटाखों की अपेक्षा अधिक ध्वनि और प्रदूषण करते हैं।