- टीन शेड न होने से भोजन करने, कार्यक्रमों के आयोजन में हो रही असुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय केदारावाला में टीन शेड न होने से विद्यार्थियों को मिड डे मील खाने के लिए अब तक उचित स्थान नहीं मिल पाया है। टीन शेड न होने के कारण विद्यालय के प्रार्थनासभा और सांस्कृतिक आयोजनों में भी परेशानी हो रही है। बारिश और तेज धूप के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
विद्यालय में कुल 114 बच्चे अध्ययनरत है। शेड बनने से विद्यार्थियों को मौसम की मार से बचकर बैठने और आराम से भोजन करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही भोजन वितरण के दौरान व्यवस्थाएं संभालना भी आसान होगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य जाहिद अहमद की ओर से परिसर में टीन शेड बनवाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, लेकिन अब तक बजट आवंटित नहीं हुआ। टीन शेड बनने से विद्यालय परिसर का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। वर्तमान में मिड डे मील के बाद बरामदे और परिसर की सफाई करने तथा सामान समेटने में समय लगता है, जिससे अगली कक्षाएं शुरू करने में भी देरी होती है।
राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय केदारावाला समेत अन्य विद्यालयों में टीन शेड निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे गए हैं। शासन से धनराशि आवंटित होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - विनीता नेगी कठैत, खंड शिक्षा अधिकारी।