स्वाइन फ्लू का कहर तारी है। गुरुवार को स्वाइन फ्लू से देहरादून के दर्शन लाल चौक स्थित एक नामी पब्लिक स्कूल के छात्र की मौत हो गई। इसके बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई। बंजारावाला इस छात्र को कई दिन से जुकाम, बुखार था।
चकराता रोड की एक बच्ची में भी बीमारी की पुष्टि हुई है। अब डॉक्टरों की टीम शुक्रवार को बंजारावाला जाएगी। हालत बिगड़ते देख स्कूलों ने अलर्ट जारी कर दिया है।
वेल्हम स्कूल अस्पताल से भेजे गए रोगी की सैंपल रिपोर्ट भी पॉजिटिव निकली है। स्कूल के चिकित्साधिकारी डॉ. गुरुमूर्ति ने सैंपल दिल्ली भेजे जाने की पुष्टि की। हालांकि रोगी के उपचार के बाद रिकवर किए जाने का दावा किया जा रहा है।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर डीएम रविनाथ रमन ने शुक्रवार को अफसरों की बैठक बुलाई है। इसमें जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। रोग के रोकथाम की रणनीति तैयार की जाएगी।