केदारनाथ में हुई विशेष कैबिनेट बैठक में मुख्य सचिव सुभाष कुमार को कैबिनेट के सदस्यों ने खड़े होकर उत्तराखंड में दी गई सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया।
नए सीएस पर बढ़ा सस्पेंस
सीएस अपनी आखिरी कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए। सीएस का कार्यकाल 31 अक्तूबर तक है। सूत्रों की मानें तो सीएस ने सोमवार की शाम सीएम से मिलकर अपना कार्यकाल समाप्त करने की पेशकश कर दी है। वहीं सीएम ने केंद्र से अन्य अधिकारियों के आने की बात कह नए सीएस पर सस्पेंस बढ़ा दिया है।
मुख्यमंत्री का कहना है कि सुभाष कुमार का कार्यकाल जब तक उनकी सेवाएं ली जाएंगी। जिस दिन उनका कार्यकाल समाप्त होगा उसके एक-दो पहले या बाद में नए सीएस की तैनाती कर ली जाएगी। सीएम का कहना है कि एक वरिष्ठ अधिकारी केंद्र से मंगलवार को आ रहे हैं।
इसके अलावा कुछ अन्य अधिकारियों के भी आने की संभावना है। ऐसे में उनकी योग्यता को देखते हुए उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। सुभाष कुमार के लिए केदारनाथ कैबिनेट यादगार रहेगी।
कैबिनेट की बैठक में उनके लंबे कार्यकाल की न सिर्फ मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तारीफ की बल्कि कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने भी उनकी कार्यशैली, परिश्रम और राज्य की चप्पे-चप्पे की पहचान को उनकी खूबी बताया।
वरिष्ठ नौकरशाह एन. रविशंकर मंगलवार को दोपहर की फ्लाइट से देहरादून पहुंचेंगे। संभावना है कि वह शासन में कार्मिक विभाग में ज्वाइनिंग देंगे। इसके बाद दिल्ली लौट जाएंगे।
एन रविशंकर पिछले आठ साल से केंद्र में प्रतिनियुक्त पर थे। सुभाष कुमार के बाद कैडर में एन रविशंकर ही सबसे वरिष्ठ हैं। सीएम के अन्य अधिकारियों के केंद्र से आने की बात कहकर सस्पेंस बढ़ा दिया है। फिलहाल एन रविशंकर और मौजूदा अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा दौड़ में आगे हैं।