प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है जल जीवन मिशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जल जीवन मिशन के कार्यों में और तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जल जीवन मिशन के तहत जिन घरों में नल लग चुका है, उनमें शुद्ध गुणवत्ता युक्त पेयजल उपलब्ध हो। हर घर नल, हर घर जल पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाए। पेयजल की उपलब्धता के लिए जो व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं, उनका शीघ्रता से समाधान किया जाए। गर्मियों में प्रदेश के किसी भी जनपद में पेयजल की कमी न हो, इसके लिए उपलब्ध साधनों के साथ ही प्रत्येक जिले को दो-दो वाटर टैंकर उपलब्ध कराए जाएं। गर्मियों में पेयजल समस्या का समाधान बड़ी चुनौती है। पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सभी की प्राथमिकताओं में है।
चारधाम यात्रा मार्गों पर उच्च गुणवत्ता के 500 वाटर एटीएम लगाए जाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जलापूर्ति के लिए सुनियोजित व्यवस्था की जाए। चारधाम यात्रा मार्गों पर उच्च गुणवत्ता के 500 वाटर एटीएम लगाए जाएं। वाटर एटीएम के साथ पानी की गुणवत्ता को भी डिस्प्ले किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित कर लिया जाय कि यात्रा मार्गों पर सुलभ शौचालयों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता रहे। सचिव पेयजल नितेश कुमार झा ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत उत्तराखंड में तेजी से काम हो रहा है। जल जीवन मिशन के तहत देश में उत्तराखंड का छठा स्थान है। मिशन के तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को शत प्रतिशत कवर कर लिया गया है। जल जीवन मिशन ग्रामीण के तहत प्रदेश के 62 प्रतिशत कनेक्शन दिए जा चुके हैं। अगले साल दिसंबर तक इसे शत प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। नाबार्ड फंड की 280 योजनाओं में से 244 पूरी हो चुकी हैं। बाकी 36 इस साल पूरी हो जाएंगी। नमामि गंगे की 23 योजनाओं में से 19 पूरी हो चुकी हैं, जबकि चार पर काम चल रहा है। पिछले पांच साल में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत 336 घोषणाओं में से 293 के शासनादेश हो चुके हैं। जिसमें से 133 पूरी हो चुकी हैं जबकि 160 पर पर काम चल रहा है।