सहसपुर के शंकरपुर स्थित शिव मंदिर में धर्मार्थ सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर आयोजित 63वें भव्य कोटी लिंग रुद्र महायज्ञ का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पुण्य कार्य में शामिल होना सौभाग्य की बात है। एक करोड़ शिवलिंग की अलौकिक आस्था से देश को ही नहीं, पूरे विश्वभर को नई ऊर्जा मिलेगी। कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यों में सभी को बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। ऐसे कार्यक्रम हमारे संस्कारों और संस्कृति को मजबूत बनाते हैं।
शुक्रवार को कोटी लिंग रुद्र महायज्ञ के शुभारंभ से पहले महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। यात्रा मंदिर से मुख्य बाजार होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंची। ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य नित्यानंद सेमवाल ने कहा कि महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति से एक करोड़ मिट्टी के शिवलिंग तैयार किए हैं। विश्व शांति और लोक कल्याण के लिए महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन 108 दीप मालाओं से संगीतमय पाठ किया जाएगा। महायज्ञ में प्रतिदिन 151 वेदपाठी ब्राह्मणों की ओर से विशेष मंत्रोच्चारण और अनुष्ठान किए जाएंगे। सात मार्च को महायज्ञ का समापन होगा।।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, जिलाध्यक्ष मीता सिंह, सुषमा सेमवाल, नगर पालिका अध्यक्ष हरबर्टपुर नीरू देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष सेलाकुई सुमित चौधरी, भाजपा के सुद्धोवाला मंडल अध्यक्ष सुखदेव सिंह फर्सवाण आदि उपस्थित रहे।